रामनवमी से पहले प्रशासन सख्त, जमशेदपुर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील इलाकों पर कड़ी नजर

    रामनवमी से पहले प्रशासन सख्त, जमशेदपुर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील इलाकों पर कड़ी नजर

    जमशेदपुर(JAMSHEDPUR):  में रामनवमी को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभी से विशेष निगरानी रखी जा रही है. जिला पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को तेज करते हुए संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त व्यवस्था करने की योजना बनाई है.

    इसी कड़ी में साकची स्थित सीसीआर में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि रामनवमी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभानी होगी.

    सिटी एसपी ने बताया कि पर्व के दिन और उससे पहले शहर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. खासकर संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से तुरंत निपटा जा सके. उन्होंने यह भी कहा कि पूरे शहर को सुरक्षा के लिहाज से पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया जाएगा, जिससे असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा सके और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके.

    इसके अलावा, पुलिस द्वारा विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च भी किया जाएगा, ताकि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे और शांति व्यवस्था कायम रहे. प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि रामनवमी का पर्व शहर में सौहार्द और शांति के साथ संपन्न हो.

    रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा

     



    Related News