आइये! हम सब मिलकर नशा मुक्त व बाल विवाह मुक्त झारखंड बनायें, धनबाद में निकली स्कूटी रैली

    आइये! हम सब मिलकर नशा मुक्त व बाल विवाह मुक्त झारखंड बनायें, धनबाद में निकली स्कूटी रैली

    धनबाद(DHANBAD): अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर  समाहरणालय से 200 से अधिक महिलाओं ने स्कूटी रैली निकलकर नारी शक्ति का संदेश दिया।  साथ ही नशा मुक्त व बाल विवाह मुक्त झारखंड बनाने का संकल्प लिया।  रैली को उपायुक्त  आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक  प्रभात कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, रैली समाहरणालय से सिटी सेंटर होते हुए रणधीर वर्मा चौक तक पहुंची।

     रैली को रवाना करने के बाद उपायुक्त ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस नारी के अधिकारों, समानता तथा उनके सामाजिक, आर्थिक योगदान के सम्मान और सशक्तिकरण का वैश्विक प्रतीक बन गया है.  आज हर क्षेत्र में महिलाओं का संघर्ष, उनकी उपलब्धियां, सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक सहित अन्य क्षेत्र में उनके योगदान को पहचान मिली है.   उपायुक्त ने कहा कि जिले में भी महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चल रही है. 

     महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए स्वयं सहायता समूह बनाकर उनको प्रशिक्षण दिया जा रहा है, वहीं बेलगड़िया में 80-80 महिलाओं का समूह बनाकर उन्हें मशरूम की खेती, बांस व जुट की सामग्री बनाने सहित अन्य क्षेत्र में हुनरमंद बनाया जा रहा है.  वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आज हर क्षेत्र में महिलाएं पुरुषों के बराबर योगदान दे रही है.  महिला सशक्त होगी तो परिवार तथा समाज सशक्त बनेगा।  रैली को रवाना करने से पूर्व सभी को नशा मुक्त झारखंड व बाल विवाह मुक्त झारखंड की शपथ दिलाई गई.

     स्कूटी रैली में महिला पुलिसकर्मी, सुपरवाइजर, सीडीपीओ, आंगनबाड़ी सेविका, पोषण सखी सहित 200 से अधिक महिलाएं शामिल थी. मौके पर उपायुक्त  आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक  प्रभात कुमार, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्रीमती हेमा प्रसाद, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती स्नेह कश्यप, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नियाज अहमद, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी श्रीमती साधना कुमारी के अलावा बड़ी संख्या में विभिन्न विभागों की महिलाएं शामिल रहीं।



    Related News