हाल-ए-स्वास्थ्य व्यवस्था पर सीएम सख्त, प्रसव के नाम पर अवैध वसूली करने पर पांकी अस्पताल में बड़ी कार्रवाई, तीन नर्सें हटाई गईं

    हाल-ए-स्वास्थ्य व्यवस्था पर सीएम सख्त, प्रसव के नाम पर अवैध वसूली करने पर पांकी अस्पताल में बड़ी कार्रवाई, तीन नर्सें हटाई गईं

    पलामू (PALAMU): जिले के पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में प्रसव के नाम पर 10 हजार रुपये की अवैध मांग का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत सख्त कदम उठाया है. मुख्यमंत्री के संज्ञान में मामला आते ही विभाग हरकत में आया और त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई. निर्देश के बाद लेबर रूम में तैनात तीन नर्सों को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया है. इसके साथ ही संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है.

    जानकारी के अनुसार, पांकी CHC के लेबर रूम में तैनात सहायक नर्स मिडवाइफ (ANM) पर गंभीर आरोप लगे थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बिना देर किए कार्रवाई की. चिकित्सा प्रभारी महेंद्र कुमार ने बताया कि लेबर रूम में कार्यरत एक नियमित नर्स सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत कार्यरत दो अन्य नर्सों को भी उनके पद से हटाया गया है.

    उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी. विभाग ने भ्रष्टाचार और मरीजों के शोषण के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है. चिकित्सा प्रभारी के अनुसार, सभी हटाए गए कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. प्रशासन का कहना है कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं आम जनता के लिए मुफ्त हैं, ऐसे में किसी भी तरह की वसूली गंभीर अपराध है.

    इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है और सभी अस्पतालों में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों ने यह भी कहा है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.



    Related News