सीएम हेमंत सोरेन ने अपने विधानसभा क्षेत्र बरहेट में दी कई सौग़ात, जानिये और कहा क्या

    सीएम हेमंत सोरेन ने अपने विधानसभा क्षेत्र बरहेट में दी कई सौग़ात, जानिये और कहा क्या

    रांची (RANCHI): सीएम हेमंत सोरेन दो दिवसीय संथाल दौरे पर हैं. मंगलवार को वह अपने विधानसभा क्षेत्र बरहेट पहुंचे। लोगों को कई सौग़ात दी. विकास मेल सह जनता दरबार में 55 योजनाओं का उद्घाटन -शिलान्यास किया, 2734. 54 लाख रुपए की लागत से 15 योजनाओं का उद्घाटन तो  40 योजनाओं की आधारशिला रखी.  इन योजनाओं पर 18020 .05 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे.  5625 लाभुकों के बीच 2701. 65 लाख रुपये की परिसंपत्ति बांटी. इसके अंतर्गत 3560 सखी मंडलों को सामुदायिक निवेश निधि के तहत 178.5 लाख रुपया  का चेक सौंपा गया. मुख्यमंत्री ने 18 नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपा.  इनमें विशेषज्ञ चिकित्सक समेत अन्य अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने लाभुकों को प्रधानी पट्टा भी दिया. मौके पर सांसद  विजय हांसदा, विधायक   दीपिका पांडेय, जिला परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष  और  गोड्डा के उपायुक्त समेत कई अधिकारी उपस्थित थे.

    साहिबगंज, भोगनाडीह स्थित सिदो-कान्हो पार्क में सिदो-कान्हो, फूलो-झनो एवं चांद-भैरव की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन.

    अब जानिये सीएम बोले क्या

    मुख्यमंत्री  हेमन्त सोरेन ने आज गोड्डा जिले के बोआरीजोर प्रखंड स्थित डुमरिया में आयोजित विकास मेला -सह -जनता दरबार को संबोधित करते हुए लोगों को भरोसा दिलाया कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर गरीब और जरूरतमंद को मिले, इसे हर हाल में सुनिश्चित किया जा जा रहा है. कहा कि राज्य के हर व्यक्ति के सुख-दुख की चिंता सरकार को है . इस मोर्चे पर हर वक्त हम आपके साथ खड़े हैं .  आपकी समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. अलग राज्य गठन के बाद पिछले 20 वर्षों से व्याप्त समस्याओं के उलझन से राज्य को निकाल कर विकास को गति देने का काम कर रहे हैं. 

    सुखाड़ से निपटने के लिए  कर ली है तैयारी 

    सीएम ने कहा कि पिछले 2 वर्षों तक कोरोना से जंग होती रही और इसमें हमने कामयाबी हासिल की.  अब कम बारिश से सुखाड़ जैसे हालात पैदा हो रहे हैं. ऐसे में सुखाड़ से जंग की तैयारी भी सरकार ने शुरू कर दी है. सूखे की वजह से किसानों- मजदूरों का पलायन नहीं हो. उन्हें अपने ही घर में रोजगार मिले, इसके लिए सरकार कई योजनाएं बना रही है.  हम ऐसे हालात से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और कोरोना की तरह ही सुखाड़ पर भी जीत हासिल करेंगे. 

    योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को कर रहे मजबूत 

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की बड़ी आबादी गांवों में रहती है. ऐसे में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को हम मजबूती देने का काम कर रहे हैं. सरकार की ज्यादातर योजनाएं ग्रामीणों के हित को ध्यान में रखकर बनाई गई है. इस सिलसिले में सरकारी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश है कि अगर कोई व्यक्ति योजना का लाभ लेने के लिए आए तो उस पर सहानुभूति और संजीदगी दिखाते हुए उसे योजना का लाभ दें , ताकि हमारी व्यवस्था पर लोगों का विश्वास और मजबूत हो. इस सिलसिले में जो भी अधिकारी लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. 

    लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का हो रहा समाधान 

    मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग राज्य बनने के बाद भी झारखंड की गिनती पिछड़े राज्य में होती है.  इसकी वजह पिछले 20 सालों के दौरान यहां की व्याप्त समस्याएं हैं. पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा विकास को हाशिए पर पर छोड़ना है. लेकिन, हमारी सरकार कई  योजनाओं को तेजी से लागू करने का काम कर रही है. हम एक ऐसी कार्य योजना बना रहे हैं, जिसके माध्यम से यहां के लोगों को मान -सम्मान के साथ उनको उनका हक -अधिकार भी मिले और राज्य में विकास की धार तेज हो सके. 

    राज्य और राज्य वासियों के हित में ले रहे हैं निर्णय 

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य और राज्यवासियों के हित में लगातार कई अहम निर्णय ले रही है.  हमारी सरकार ने सरकारी कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांग पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करने का निर्णय लिया है. वही, पुलिसकर्मियों के क्षतिपूर्ति अवकाश की मांग पर भी सहमति दे दी गयी है. आंगनबाड़ी सेविका,- सहायिका के लिए सेवा शर्त नियमावली बनाने की मांग पूरी कर ली गई है.  राज्य मंत्रिमंडल ने 1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति और ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का भी निर्णय ले चुकी है.  हमारी सरकार सभी की मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए उसका समाधान निकालने का प्रयास कर रही है. 

    गरीबों और जरूरतमंदों की फिक्र कर रही सरकार 

    मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों और जरूरतमंदों की फिक्र सरकार को है.  ऐसे में अधिकांश योजनाएं उनके हित को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी बुजुर्ग, विधवा, दिव्यांग, परित्यक्ता और एकल महिला को पेंशन देंगे सुनिश्चित कर रहे हैं. गरीबों को 10 रुपए में धोती-साड़ी-लूंगी दिया जा रहा है. इसके अलावा नए ग्रीन राशन कार्ड जारी किए जा रहे हैं, ताकि गरीबों को अनाज दे सके. इसके अलावा भी कई ऐसी योजनाएं हैं, जिसके माध्यम से गरीबों-जरूरतमंदों को राहत देने का काम हो रहा है. 

    रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा 

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार गंभीर है.  बहुत जल्द  50 हज़ार शिक्षकों के पद पर बहाली प्रक्रिया शुरू होने जा रही है. जेपीएससी और जेएसएससी के माध्यम से विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.  जबकि, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत स्वरोजगार के लिए सरकार अनुदान आधारित लोन दे रही है. युवा वर्ग इसका लाभ उठाएं और खुद के साथ दूसरों को भी रोजगार दें. 

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news