नगर की सरकार : बासुकीनाथ के एक वार्ड से पति पत्नी आमने सामने

    Dumka, Jharkhand
    नगर की सरकार : बासुकीनाथ के एक वार्ड से पति पत्नी आमने सामने

    दुमका(DUMKA):झारखंड में नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया जोरों पर है. उपराजधानी दुमका में चुनावी माहौल पूरी तरह रंगीन हो चुका है. जिले में दुमका नगर परिषद और बासुकीनाथ नगर पंचायत के लिए अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पदों पर नामांकन जारी है.कई अभ्यर्थी नाजिर रसीद तो कटवा रहे है, लेकिन नामांकन के लिए शायद शुभ मुहूर्त का इंतजार कर रहे है. उम्मीद है कि सोमवार से नामांकन को लेकर प्रत्याशियों की भारी भीड़ देखने को मिलेगी.

    बासुकीनाथ में अनोखा नामांकन

    इसी बीच बासुकीनाथ नगर पंचायत के वार्ड संख्या 8 से एक दिलचस्प और अनोखी तस्वीर सामने आई है. यहां पति और पत्नी दोनों ने एक ही वार्ड से पार्षद पद के लिए शनिवार को नामांकन दाखिल कर दिया है.

    पति और पत्नी ने बढ़ाया सियासी रोमांच

    राजीव मिश्रा और उनकी पत्नी मुन्नी देवी ने एक ही वार्ड से चुनाव लड़ने की घोषणा कर सभी को चौंका दिया है. पति और पत्नी के एक ही सीट से नामांकन करने से मुकाबला बेहद रोचक हो गया है.

    2018 का कांटे का मुकाबला, सिर्फ एक वोट से हुई थी जीत

    यदि 2018 के नगर निकाय चुनाव परिणाम पर नजर डालें तो वार्ड नंबर 8 पहले भी बेहद रोमांचक मुकाबले का गवाह रहा है.उस चुनाव में श्वेता मिश्रा ने महज एक वोट के अंतर से जीत दर्ज की थी। श्वेता मिश्रा को 224 वोट मिले थे, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी विरेंद्र झा को 223 वोटों से संतोष करना पड़ा था.

    बड़े उलटफेर की संभावना से इनकार नहीं

    पिछले चुनाव के नतीजों को देखते हुए इस बार पति पत्नी दोनों का नामांकन किसी बड़े सियासी उलटफेर की ओर इशारा कर रहा है.ऐसे में वार्ड नंबर 8 पर सबकी नजरें टिक गई है.

    राजीव मिश्रा का बयान: समय पर होगा फैसला

    इस पूरे मामले पर राजीव मिश्रा ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है और अर्धांगिनी के बिना किसी शुभ कार्य की शुरुआत नहीं की जाती.इसी सोच के तहत पति और पत्नी दोनों ने एक ही वार्ड से नामांकन किया है.उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी एक का नामांकन रद्द होता है तो दूसरा चुनाव मैदान में रहेगा, और अगर दोनों के नामांकन वैध पाए जाते है तो समय आने पर दोनों में से कोई एक नामांकन वापस ले लेगा .किसका नामांकन वापस होगा, इस पर अंतिम फैसला बाद में लिया जाएगा.चुनाव परिणाम क्या होगा यह तो समय बताएगा लेकिन इतना जरूर है कि फिलहाल पति और पत्नी का एक ही वार्ड से पार्षद पद के लिए नामांकन चर्चा का विषय बना हुआ है.

    रिपोर्ट-पंचम झा


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news