चाईबासा: अंधेरे में महिलाओं के कमरों में घुसता था युवक, ग्रामीणों ने पकडकर टांगी से काट दिया पैर, पढ़े फिर क्या हुआ

    चाईबासा: अंधेरे में महिलाओं के कमरों में घुसता था युवक, ग्रामीणों ने पकडकर टांगी से काट दिया पैर, पढ़े फिर क्या हुआ

    चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदबुनिया गांव से भीड़ की हिंसा का खौफनाक मामला सामने आया, जहां 35 वर्षीय सागु हेम्ब्रम नामक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना सुबह करीब सात बजे की है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है.प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात सागु हेम्ब्रम कथित रूप से गांव के प्रमाणिक हेस्सा के घर में अंधेरे का फायदा उठाकर महिलाओं के कमरे में घुस गया था. महिलाओं के शोर मचाने पर घर के पुरुष जाग गए और उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला.

    लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई

    ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की और उसे पकड़ लिया. बताया जाता है कि पकड़ में आते ही वह फिर से भीड़ के चंगुल से छूटकर भागने लगा.इसके बाद ग्रामीणों ने उसे खेतों की ओर दौड़ाया. काफी दूर तक भागने के बाद जब वह थककर जमीन पर गिर पड़ा, तो भीड़ उस पर टूट पड़ी और लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई करने लगी.इसी दौरान गांव के माधो हेस्सा और उसके परिजनों द्वारा उस पर टांगी से हमला किया गया.एक वार उसके बाएं पैर पर किया गया, जिससे उसका पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया.इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल सागु हेम्ब्रम घटनास्थल पर ही बेहोश होकर पड़ा रहा.

    तीन से चार घंटे तक कोई मदद के लिए नहीं आया

    चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के बाद करीब तीन से चार घंटे तक कोई भी व्यक्ति उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया. बाद में गांव के मुंडा द्वारा सूचना दिए जाने पर कुमारडुंगी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारडुंगी ले जाया गया. वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.ग्रामीणों का कहना है कि सागु हेम्ब्रम पहले भी कई बार महिलाओं के घरों में रात के समय घुसने की हरकत कर चुका था.लगभग एक वर्ष पूर्व उसने अपनी भतीजी के साथ भी गलत हरकत की थी, जिसे गांव स्तर पर ही सुलझा लिया गया था.इसके बावजूद उसकी गतिविधियों में कोई सुधार नहीं हुआ था, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश लगातार बढ़ रहा था.

    आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

    पुलिस ने मृतक के छोटे भाई लुदु हेम्ब्रम के बयान पर माधो हेस्सा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है उन्होंने कहा कि जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है.

    रिपोर्ट-संतोष वर्मा


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news