रांची सदर अस्पतल में ईलाज के दौरान महिला की मौत,ग्रामीणों ने किया हंगामा   

    रांची सदर अस्पतल में ईलाज के दौरान महिला की मौत,ग्रामीणों ने किया हंगामा

     

    रांची(RANCHI): जिले के सदर अस्पताल में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने विरोध शुरू कर दिया. मृतका की पहचान रांची निवासी लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है, जो पिछले आठ दिनों से आईसीयू में भर्ती थीं.

    बताया जा रहा है कि लक्ष्मी देवी थायरॉयड से संबंधित ब्लड कैंसर से जूझ रही थीं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा था. परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ती गई, जिसके चलते उनकी जान चली गई.

    मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर समय पर सही उपचार मिलता, तो उनकी जान बचाई जा सकती थी. घटना के बाद अस्पताल में माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया. इस पूरे मामले ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य व्यवस्था और इलाज की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है.

     



    Related News