साहिबगंज (SAHIBGANJ): जिले के बोरियो थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पथरा ओवरब्रिज के आगे एमजीआर रेलवे ट्रैक के किनारे एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान विचपुरा भेलाटुकर गांव निवासी बबलू बसिल बेसरा के रूप में हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही बोरियो थाना प्रभारी रोहित कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. परिजनों के अनुसार, बबलू बसिल बेसरा संत पॉल मिशन स्कूल में प्रबंधन से जुड़े कार्य करते थे. उनकी पत्नी मरिया गोलस्टी टुडू और बेटे प्रेम ऐगस्टीन बेसरा ने बताया कि वे शनिवार को घर से निकले थे और गुड फ्राइडे की तैयारियों की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर थी, लेकिन इसके बाद वे घर नहीं लौटे.
मृतक के बेटे ने पिता की हत्या की आशंका जताई है. घटनास्थल से मिले हालात भी कई सवाल खड़े कर रहे हैं. शव रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला, पास में टूटा हुआ मोबाइल था. सिर पर गहरी चोट के निशान थे, एक जूता पैर में जबकि दूसरा कुछ दूरी पर मिला। मृतक अर्धनग्न अवस्था में पाए गए. घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का भी हो सकता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी.
रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर
Thenewspost - Jharkhand
4+


