चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिम सिंहभूम जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. सोनुवा रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर एक युवक और युवती का सोमवार को शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. बीती रात किसी ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौत होने की संभावना है. पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया से यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची. दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जुटी. दोनों की पहचान अभी नहीं हुई है. आसपास के लोगों से दोनों की पहचान के लिए पुलिस पूछताछ कर रही है. हालांकि लोगों ने उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया.
ट्रेन के टिकट मिले
घटनास्थल की तलाशी के दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे एक बैग बरामद किया गया. बैग में कपड़ों के अलावा कई ट्रेन टिकट भी मिले हैं. पुलिस के अनुसार, बैग से सोनुवा से राउरकेला, राउरकेला से पुरी तथा टाटानगर से चक्रधरपुर के ट्रेन टिकट मिले हैं. इन टिकटों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों किस यात्रा पर थे और उनकी अंतिम गतिविधियां क्या थीं. जांच के दौरान युवक की पैंट की जेब से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है. हालांकि मोबाइल बंद स्थिति में मिला है, लेकिन उसमें लगे सिम कार्ड के जरिए युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल से दोनों की पहचान और घटना से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं. फिलहाल युवक और युवती की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों और रेलवे स्टेशनों से गुमशुदगी की जानकारी भी जुटा रही है. पुलिस के परिजनों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. पुलिस और आरपीएफ संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं.

