सरायकेला (SARAIKELA): जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र स्थित कपाली ओपी इलाके में ईद के दिन एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. ताज नगर में अबू बकर मस्जिद के पास 22 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, घायल युवक रमजान सुबह नमाज अदा कर अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर कपाली निवासी शमसाद और छोटू अपने 15–20 साथियों के साथ वहां पहुंचे. पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और हिंसा में बदल गई.
आरोप है कि इस दौरान शमसाद ने चाकू निकालकर रमजान पर कई बार हमला किया. हमले में उसके पीठ, गर्दन, कंधे और पैर पर गंभीर चोटें आईं. घायल युवक मौके पर ही सड़क पर गिर पड़ा, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई.
स्थानीय लोगों ने तुरंत पहल करते हुए रमजान को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.
घायल की पत्नी सुल्ताना परवीन ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार को ही थाने बुलाया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. रमजान मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाता है और उसके दो छोटे बच्चे हैं.
ईद के मौके पर हुई इस वारदात से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं. लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं और इस पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है. वहीं पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.
Thenewspost - Jharkhand
4+


