चाईबासा(CHAIBASA): में प्रशासन ने अवैध गैस कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कालाबाजारी के एक मामले का पर्दाफाश किया है. शहर के मधुबाजार इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर एक दुकान में छापेमारी की गई, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री और छोटे सिलेंडरों में गैस भरने का काम धड़ल्ले से चल रहा था. कार्रवाई के दौरान इलाके में हड़कंप मच गया.
यह छापेमारी पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन के निर्देश पर सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टेपनो के नेतृत्व में की गई. टीम में अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और सदर थाना पुलिस बल शामिल थे. सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया.
छापेमारी के दौरान दुकान से कुल 14 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें 10 भरे हुए और 4 खाली सिलेंडर शामिल हैं. इसके अलावा बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस ट्रांसफर करने के लिए इस्तेमाल होने वाले नोजल और अन्य सामान भी जब्त किए गए, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की लिखित शिकायत के आधार पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. प्रशासन का कहना है कि इस मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अनुमंडल पदाधिकारी ने चेतावनी दी है कि शहर में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके.
रिपोर्ट- संतोष वर्मा
Thenewspost - Jharkhand
4+


