TNP DESK- पाकुड़ में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर प्रखंड कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया. भाजपा नेताओं ने हेमंत सरकार पर किसानों के साथ वादा खिलाफी और विश्वासघात करने का आरोप लगाया. धरना को संबोधित करते हुए भाजपा नेता बाबूधन मुर्मू ने कहा कि चुनाव के समय सरकार ने किसानों को धान का 3200 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी देने का वादा किया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि खाद और अनाज की कालाबाजारी बढ़ रही है और प्राकृतिक आपदा से नुकसान झेलने वाले किसानों को मुआवजा भी नहीं मिल रहा है. वहीं भाजपा नेता अमृत पांडेय ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो भाजपा आगे उग्र आंदोलन करेगी। भाजपा नेत्री मीरा प्रवीण ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों और गरीबों से किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं. किसान आज भी खाद, बीज और मुआवजे के लिए परेशान हैं. धरना-प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं ने राज्यपाल के नाम 12 सूत्री मांग पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी समीर अल्फ्रेड मुर्मू को सौंपा और किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की.
रिपोर्ट: विकास कुमार

