निरसा में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार, छह वाहन जब्त

    निरसा में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार, छह वाहन जब्त

    निरसा (NIRSA): निरसा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है.

    पुलिस के मुताबिक, गिरोह निरसा और जामताड़ा थाना क्षेत्र से दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें दूसरे स्थानों पर बेचने का काम करता था. 21 फरवरी 2026 को दोपहर करीब दो बजे गुढ़वा गांव के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि इलाके में दो संदिग्ध युवक घूम रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए अनवर अंसारी उर्फ टीया और हबीब अंसारी को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान दोनों ने बाइक चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.

    आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने निरसा थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चोरी की पांच मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की. जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की बाइक रखने के आरोप में वजीर अंसारी और बिटु कुमार को भी गिरफ्तार किया.

    बरामद वाहनों में कई मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट की मिलीं. साथ ही उनके इंजन और चेसिस नंबर घिसे हुए पाए गए, जिससे स्पष्ट है कि चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने की कोशिश की गई थी.

    पुलिस ने इस मामले में निरसा थाना कांड संख्या 78/26 के तहत बीएनएस की धारा 317(5)/3(5) के अंतर्गत केस दर्ज किया है. वहीं जामताड़ा थाना कांड संख्या 21/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत भी कार्रवाई की गई है.

    एसडीपीओ निरसा रजत मणिक बाखला ने बताया कि बरामद वाहनों के असली मालिकों की पहचान की जा रही है. साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है. पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार आसपास के जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं.

    रिपोर्ट : नीरज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news