धनबाद(DHANBAD): कोल इंडिया की सबसे बड़ी इकाई बीसीसीएल में बड़े पैमाने पर तबादला किया गया है. कई महाप्रबंधक भी बदल दिए गए है. जानकारी के अनुसार कम से कम 34 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से विभिन्न क्षेत्रों और विभागों में नई जिम्मेवारी दी गई है. कई अधिकारियों को अतिरिक्त महाप्रबंधक की जिम्मेवारी दी गई है.
प्रोजेक्ट ऑफिसर के स्तर पर भी कई बड़े बदलाव किए गए हैं. केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे अभी-अभी दो दिन के दौरे पर धनबाद आए थे. उन्होंने 13 और 14 मई को कई बैठक की थी. कोयला उत्पादन बढ़ाने और कोयला चोरी रोकने को लेकर बीसीसीएल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की थी. उनके जाते ही बीसीसीएल में बड़े पैमाने पर तबादला हुआ है.
इस तबादले को कोयला राज्य मंत्री के दौरे से जोड़कर देखा जा रहा है. उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल की संपत्ति बचाने के लिए तैनात सीआईएसएफ को भी सशक्त बना दिया गया है. अब जिला पुलिस के समानांतर सीआईएसएफ और कोयला अधिकारियों को भी कुछ अधिकार दिए गए हैं. फिलहाल बीसीसीएल उत्पादन दबाव झेल रही है. समझा जा रहा है कि दबाव से उबरने के लिए नए-नए प्रयास किये जा रहे हैं.

