पाकुड़(PAKUR):पाकुड़ जिले के हिरणपुर प्रखंड से एक बेहद चौंकाने वाली और चिंता बढ़ाने वाली तस्वीर सामने आई है.जहां तालपहाड़ी गांव में बन रहा स्कूल भवन अब गंभीर सवालों के घेरे में आ गया है.जिस जगह बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए स्कूल बनना चाहिए, वहां कथित तौर पर भ्रष्टाचार की नींव रखी जा रही है.
घटिया सामग्री से खड़ा हो रहा भवन
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्कूल निर्माण में भारी लापरवाही बरती जा रही है.निर्माण कार्य में मानकों की खुलेआम अनदेखी हो रही है. बताया जा रहा है कि बालू में मिट्टी मिलाकर इस्तेमाल किया जा रहा है, साथ ही डस्ट पत्थर की धूल और बेहद घटिया गुणवत्ता वाली तीन नम्बर की ईंटों से दीवारें खड़ी की जा रही हैं। ग्राम प्रधान मनवल मुर्मू ने भी इस मामले में बड़ा खुलासा किया है. उनका कहना है कि पूरा निर्माण कार्य निम्नस्तरीय सामग्री से किया जा रहा है. ईंट, बालू और पत्थर की धूल को मिलाकर जैसे-तैसे भवन खड़ा किया जा रहा है, जो कभी भी गिर सकता है। ऐसे में यह भवन बच्चों के लिए सुरक्षित नहीं बल्कि खतरा बन सकता है.गांव के लोगों में इसको लेकर भारी आक्रोश है.
बच्चों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़
ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ हो रहा है. एक तरफ सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर इस तरह के निर्माण कार्य पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे है. लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार विभाग इस मामले में पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है.सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह स्कूल बच्चों को सुरक्षित शिक्षा दे पाएगा, या फिर किसी बड़े हादसे का कारण बनेगा? क्या प्रशासन समय रहते जागेगा और इस मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करेगा, या फिर यूं ही घटिया निर्माण का यह खेल चलता रहेगा.अब पूरे इलाके की नजर प्रशासन पर टिकी है.
रिपोर्ट-विकास कुमार

