धनबाद(DHANBAD):कोलियारियों में अधिकारी और मजदूर संगठन चलाने वालों का गठजोड़ कैसे कर्मचारियों अथवा उनके आश्रितों को परेशान करते हैं, कैसे उन्हें नाजायज पैसा देने के लिए बाध्य किया जाता है, इसका खुलासा बोकारो के कथारा क्षेत्र में हुआ है. अधिकारी तो अधिकारी झामुमो का नेता भी अरेस्ट हो गया है. यह सब खुलासा धनबाद सीबीआई की टीम के छापे के बाद हुआ है.
कथारा कोलियरी के कार्मिक प्रबंधक भी गिरफ्तार
बताया जाता है कि सीबीआई की धनबाद टीम ने कथारा कोलियरी के कार्मिक प्रबंधक सुभाष चंद्र पासवान तथा कथित बिचौलिया झामुमो के बोकारो जिला कार्यकारिणी सदस्य सह हिंद मजदूर किसान पंचायत के क्षेत्रीय सचिव शमशुल हक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के अनुसार सीबीआई की टीम दिन से ही कोलियरी कार्यालय के आसपास घात लगाकर बैठी थी. जैसे ही शाम को रकम का लेन देन हुआ, टीम ने दोनों को ऑन स्पॉट गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ़्तारी के बाद सीबीआई ने की घंटो पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम ने दोनों आरोपियों से घंटों पूछताछ की. उसके बाद धनबाद ले आई है. दरअसल, मामले की शिकायत सुरेश किस्कू ने सीबीआई से की थी. उनके पिता कालू मांझी क था रा कोलियरी से 2024 में रिटायर्ड हुए है. बकाया राशि पाने के लिए सुरेश किस्कू कार्यालय का चक्कर लगा रहे थे. उनसे नाजायज राशि मांगी जा रही थी. वह देने को तैयार नहीं थे. उन्होंने इसकी शिकायत सीबीआई से की. सीबीआई ने जांच पड़ताल के बाद जाल बिछाकर कार्मिक प्रबंधक और झामुमो नेता को गिरफ्तार कर लिया.


