चाईबासा में सनसनी! हाट जा रहे व्यक्ति को तीर मारकर किया घायल

    चाईबासा में सनसनी! हाट जा रहे व्यक्ति को तीर मारकर किया घायल

    चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र से शनिवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया. एक ग्रामीण पर तीर-कमान से जानलेवा हमला कर दिया गया. घटना में हमलावर ने एक के बाद एक कई तीर चलाए, जिनमें 2 तीर सीधे पीड़ित के शरीर में जा धंसे. गंभीर रूप से घायल ग्रामीण का इलाज चाईबासा सदर अस्पताल में चल रहा है. घटना बेटेया गांव की है. सूचना पर पुलिस ने सदर अस्पताल में घायल से घटना के संबंध में पूछताछ की. घायल का फिलहाल सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है. उसके दूसरे अस्पताल भेजने की तैयारी चल रही है. घायल की पहचान चोया बिरुली के रूप में हुई है.

    करीब 20 तीर चलाए 
     घायल ने बताया कि शनिवार को  अपने गांव से सब्जियां लेकर जोड़ापोखर हाट बेचने जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे चिड़ियापहाड़ी गांव निवासी दोपे बिरूली ने मुझे निशाना बनाते हुए करीब 20 तीर चलाए. 
    मैं कुछ समझ पाता उससे पहले तीन तीर मेरे शरीर में जा लगे. गंभीर चोट लगने के कारण मैं सड़क पर ही गिर पड़ा. इधर, अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.घटना के दौरान आसपास से गुजर रहे लोगों ने घायल को देखा और तुरंत इसकी सूचना झींकपानी थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल ग्रामीण को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया गया. 

    हमलावर की तलाश में छापेमारी
    घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला. पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है. पुलिस का मानना है कि पुरानी रंजिश में घटना हुई. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल पर भी पुलिस ने लोगों से पूछताछ की. घटना को लेकर आसपास के लोग सहम गए. 



    Related News