ईडी की छापेमारी के बीच निशिकांत दुबे और सरयू राय करते रहे लगातार ट्वीट, जानिए इसके मायने

    ईडी की छापेमारी के बीच निशिकांत दुबे और सरयू राय करते रहे लगातार ट्वीट, जानिए इसके मायने

    रांची(RANCHI): झारखंड में एक ओर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जुड़ा हुआ खनन लीज मामले में चुनाव आयोग का फैसला आना है, तो दूसरी ओर कथित तौर पर सीएम हेमंत सोरेन के करीबी प्रेम प्रकाश के यहां ईडी की छापेमारी ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है. लगातार सोशल मीडिया पर इससे जुड़े ट्वीट और पोस्ट हो रहे हैं. ईडी की छापेमारी के बीच झारखंड के दो नेता ट्वीटर पर खासे एक्टिव दिख रहे हैं. लगातार वे ट्वीट कर रहे हैं. दोनों नेता हैं, जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय और गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे.  

    निशिकांत दुबे ने फिर कहा- अगस्त पार नहीं होगा

    निशिकांत दुबे ने ईडी की छापेमारी के बीच दो ट्वीट किए हैं और इसके माध्यम से उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन पर सीधा हमला बोला है. पहले ट्वीट में उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि “झारखंड में दलालों के सरग़ना प्रेम प्रकाश के 20 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, काफ़ी सरकारी लेन-देन की जानकारी, मैंने कहा है कि अगस्त नहीं पार होगा.”

    बता दें कि निशिकांत दुबे पहले से ही कहते आ रहे हैं कि अगस्त खत्म होने से पहले सीएम हेमंत सोरेन की मौजूदा सरकार गिर जाएगी. वहीं उन्होंने दूसरा ट्वीट किया कि “झारखंड के मुख्यमंत्री और उनके पारिवारिक मित्र अमित अग्रवाल के सहयोगी झारखंड के दलालों के सरग़ना प्रेम प्रकाश के यहां सूत्रों के अनुसार AK 47 बरामद ईडी ने किया है, यानि वह आतंकवादी व नक्सलियों का सरग़ना है. NIA India को जांच अपने हाथों में लेना चाहिए. “ इस ट्वीट के जरिए निशिकांत दुबे ने प्रेमप्रकाश के यहां AK-47 मिलने के मामले को NIA से जांच कराने की केंद्र सरकार से मांग की है.

    सरयू राय पिछली सरकार को भी घेरते आए नजर

    निशिकांत दुबे के साथ ही सरयू राय भी लगातार ट्वीट कर रहे हैं और मौजूदा और पिछली दोनों सरकारों पर हमला बोल रहे हैं. उन्होंने पहले ट्वीट किया कि “ED ने आज देश भर में प्रेम प्रकाश के 17 ठिकानों पर छापा मारा है. पिछली बार ED ने दबिश दिया तो इसने अपने सभी स्मार्ट फ़ोन फेंक दिया. बड़ी मेहनत से फ़ॉरेंसिंक विशेषज्ञों ने इसके पुराने मोबाईलों में छुपे आंकड़े निकाला, नए नम्बरों को तलाशा, फिर कारवाई की. नए-पुराने प्रेमी सकते में होंगे!” सरयू राय के इस ट्वीट में ‘पुराने प्रेमी’ का मतलब पिछले रघुवर दास की सरकार से जोड़ कर देखा जा रहा है.

     

    वहीं इसके बाद उन्होंने फिर ट्वीट किया कि “प्रेम प्रकाश को गिरफ़्त में लेने के बाद इसके पुराने साथियों,ख़ासकर घोटालेबाज़ गिरोह के नए-पुराने,सरकारी-ग़ैर सरकारी धंधों में रांची से जमशेदपुर तक नए-पुराने प्रेमियों के बीच समन्वयक की सक्रिय ज़िम्मेदारी निभाने में गतिशील “चौधरी” के चर्चित कारनामें अब ED के संज्ञान में आ जाएंगे.”

    NIA जांच की मांग

    इसके बाद भी सरयू राय लगातार ट्वीट करते गए. और आखिरी में उन्होंने अमित शाह से NIA जांच की मांग की. उन्होंने ट्वीट किया कि “AmitShah लगता है झारखंड सरकार के पुलिस महकमे में “गैंग ऑफ वासेपुर” क़ायम हो गया है. प्रेम प्रकाश के घर से जप्त 2 एके रायफलों की जांच NIA को सौंपी जाए. दोषियों पर कारवाई हो, भले ही वे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हों.“

    सरयू राय हों या निशिकांत दुबे दोनों ही नेता अब NIA जांच की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि AK-47 जैसे हथियार का मिलना किसी नक्सल या आतंकवाद का मेल तो नहीं. इसलिए इस पूरे मामले की जांच NIA को सौंपी जानी चाहिए.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news