धनबाद नगर निकाय चुनाव में बोगस वोटिंग के आरोप ने बिगाड़ा चुनावी माहौल, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

    धनबाद नगर निकाय चुनाव में बोगस वोटिंग के आरोप ने बिगाड़ा चुनावी माहौल, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

    धनबाद (DHANBAD): नगर निगम क्षेत्र में चल रहे चुनाव के दौरान वार्ड संख्या 43 के बूथ संख्या 12 (मिनी आईटीआई) पर बोगस वोटिंग को लेकर अचानक विवाद खड़ा हो गया. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि मतदान केंद्र पर अफरातफरी मच गई और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा.

    सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज भी करना पड़ा. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और मतदान प्रक्रिया दोबारा सामान्य रूप से शुरू कर दी गई है.

    स्थानीय लोगों का आरोप है कि बूथ पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं होने के कारण स्थिति और बिगड़ी. बताया जा रहा है कि बैलेट पेपर से पहली बार मतदान होने के कारण कुछ मतदाताओं, विशेषकर महिलाओं के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई थी. इसी दौरान बोगस वोटिंग को लेकर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए और समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी.

    विवाद उस समय और बढ़ गया जब किसी ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के पुरुष समर्थक आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया. स्थानीय निवासी जावेद ने बताया कि सुबह से ही दो-तीन पार्षद प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच तनातनी बनी हुई थी. प्रशासन लगातार लोगों को समझाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन दोपहर बाद अचानक स्थिति बिगड़ गई.

    जानकारी के मुताबिक, शमशेर आलम और इंदु देवी के समर्थकों के बीच पहले भी झड़प हो चुकी है, जिसे लेकर प्रशासन पहले से सतर्क था. घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.

    प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.

    रिपोर्ट : नीरज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news