जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): झारखंड की विधि व्यवस्था को लेकर आजसू सड़क पर उतर गई. जमशेदपुर में आजसू नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया है. आजसू नेताओं ने साकची गोलचक्कर पर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन का नेतृत्व आजसू युवा मोर्चा के संयोजक सह नगर प्रभारी मंटू शुक्ला ने किया.
उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है. आए दिन चोरी, लूट, हत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार इस पर नियंत्रण पाने में विफल साबित हो रही है.
मंटू शुक्ला ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार राज्य के हर विभाग में व्याप्त हो चुका है, जिससे आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़कों पर उतर रही है और जब तक स्थिति में सुधार नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए कड़े कदम उठाने की मांग की. कार्यक्रम के अंत में प्रशासन से राज्य में कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की अपील की गई.
रिपोर्ट: रंजीत ओझा
Thenewspost - Jharkhand
4+


