जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर से सटे कपाली क्षेत्र में शुक्रवार को अवैध बूचड़खानों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की. सरायकेला-खरसावां उपायुक्त के निर्देश पर चांडिल अनुमंडल प्रशासन की टीम ने कपाली नगर परिषद क्षेत्र में कई स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान अवैध रूप से संचालित बूचड़खानों की जांच की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. अभियान का नेतृत्व चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) विकास राय ने किया. प्रशासनिक टीम ने रहमत नगर इलाके में एक बूचड़खाने की जांच के दौरान दो गायों को बरामद किया. यह बूचड़खाना ताहिर कुरैशी नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है. जब्त किए गए दोनों मवेशियों को सुरक्षित गौशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. साथ ही संबंधित परिसर को कपाली नगर परिषद की ओर से तत्काल सील कर दिया गया.
लंबे समय से मिल रही रही शिकायत
एसडीएम ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बूचड़खानों और कथित गोकशी की शिकायतें मिल रही थीं. इन्हीं शिकायतों के आधार पर संयुक्त जांच अभियान चलाया गया. छापेमारी के दौरान 2 लाइसेंसी बूचड़खाना भी मिला, जहां दस्तावेजों की जांच की गई. संचालक को नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया. वहीं एक जगह बूचड़खाने अवैध मिला. उसे शील कर दिया गया है. संचालक की ओर से कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके. एसडीएम ने कहा कि जिन स्थानों पर आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले, वहां सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है.
लगातार हो रही थी मवेशियों को सप्लाई
जानकारी हो कि पिछले दिनों कपाली क्षेत्र से काफी मवेशी बरामद हुए थे. एक वाहन में दर्जनों मवेशी पाए गए थे. इन्हें क्रूरता पूर्वक वाहन में ठूंस कर ले जाया जा रहा था. इसमें 2 मवेशियों की मौत हो गई थी. वही, एक xuv कार से भी मवेशी बरामद हुए थे. इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था. एसडीएम ने कहा कि आशंका थी कि इन मवेशियों को बूचड़खाना ही लाया जा रहा था. इसी आलोक में यह छापेमारी की है.

