होली पर प्रशासन अलर्ट, विजय जुलूस के लिए अनुमति अनिवार्य

    होली पर प्रशासन अलर्ट, विजय जुलूस के लिए अनुमति अनिवार्य

    रांची(RANCHI): होली पर्व को शांतिपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. DC आदित्य रंजन की अध्यक्षता में न्यू टाउन हॉल में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा हुई.

    बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि हाल ही में संपन्न नगर पालिका चुनाव में विजयी उम्मीदवार यदि विजय जुलूस निकालना चाहते हैं, तो उन्हें पहले अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय से अनुमति लेनी होगी. बिना अनुमति किसी भी प्रकार का जुलूस निकालने की इजाजत नहीं होगी. साथ ही चुनाव के दौरान लगाए गए झंडे, बैनर और पोस्टर हटाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं, ताकि शहर में अनुशासन और स्वच्छता बनी रहे.

    उपायुक्त ने कहा कि जिस तरह नगर पालिका चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, उसी प्रकार होली भी सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाई जाएगी. इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है और जिले में फ्लैग मार्च भी कराया जाएगा. शांति समिति के सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा भी उन्होंने दिया.

    वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि असामाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. उन्होंने आश्वस्त किया कि होलिका दहन और होली के दिन पुलिस बल पूरी तरह सतर्क रहेगा.

    जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि धनबाद में हमेशा आपसी सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की परंपरा रही है और इस बार भी यही माहौल कायम रखा जाएगा. बैठक में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने, साफ-सफाई, जलापूर्ति सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रखने और बाजार में बिकने वाले रंगों की गुणवत्ता जांच जैसे सुझाव दिए गए. प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि होली सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाई जा सके.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news