जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में एक युवती ने शुक्रवार को दोपहर आत्महत्या करने की नीयत से स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी. शहर से सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो पुल से युवती नदी में कूद गई. अचानक हुई इस घटना को देखकर वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना कपाली पुलिस को दी. इसी बीच नदी में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने युवती को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला. इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवती को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. वही, पुलिस ने युवती से पूछताछ भी की. घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.
युवती की पहचान नहीं
युवती की पहचान अब तक नहीं हुई है. युवती की उम्र करीब 25 वर्ष है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह कुछ देर तक पुल पर अकेली खड़ी थी, जिसके बाद उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी. पुलिस के अनुसार युवती मानसिक तनाव में दिखाई दे रही है. वह कुछ बोल नहीं पा रही है. पुलिस उसके परिजनों का पता लगा रही है. युवती ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है.
पहले भी कई दे चुके हैं जान
डोबो पुल सुसाइड प्वाइंट बनता जा रहा है. इस घटना से पहले यहां कई ऐसे घटनाएं हो चुकी है, जिसमें लोगों ने पुल से कूद आत्महत्या की है. लोग पुल पर जाली लगाने की मांग कर रहे है. लेकिन यह मांग पूरी नहीं हो रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार नदी में पानी कम होने के कारण युवती की जान बच पाई.

