RPF की तत्परता से बची तीन माह के मासूम की जान, रांची स्टेशन पर मिला लावारिस नवजात

    RPF की तत्परता से बची तीन माह के मासूम की जान, रांची स्टेशन पर मिला लावारिस नवजात

    रांची (RANCHI): राजधानी रांची के रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात इंसानियत की मिसाल देखने को मिली, जब रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सतर्कता से कड़ाके की ठंड में लावारिस हालत में मिले तीन माह के मासूम की जान बचा ली गई. अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्टेशन परिसर में ओवरब्रिज के नीचे नवजात को छोड़ दिया गया था.

    आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार ने बताया कि स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर नियमित गश्त की जा रही है. इसी दौरान एएसआई अरुण कुमार और महिला कांस्टेबल राखी कुमारी प्लेटफॉर्म नंबर एक के आसपास गश्त कर रहे थे. तभी उन्हें बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी. आवाज की दिशा में जाकर देखने पर ओवरब्रिज के नीचे ठंड में लिपटा हुआ एक तीन माह का नवजात शिशु मिला.

    स्थिति की गंभीरता को समझते हुए महिला कांस्टेबल राखी कुमारी ने तुरंत बच्चे को गोद में उठाया और उसे सुरक्षित जीआरपी पोस्ट ले जाया गया. वहां शिशु की प्राथमिक जांच कर आवश्यक देखभाल की व्यवस्था की गई, ताकि उसकी हालत स्थिर रह सके.

    इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने शिशु के परिजनों का पता लगाने के लिए स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी. सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक अज्ञात व्यक्ति को बच्चे को लेकर प्लेटफॉर्म की ओर आते हुए देखा गया है, हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है.

    सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नवजात को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC), रांची को सौंप दिया गया है, ताकि उसके संरक्षण और देखभाल की उचित व्यवस्था हो सके. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है, जिसने मासूम को स्टेशन परिसर में छोड़ दिया था.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news