पाकुड़ में ‘भिखारिन गैंग’ का खुलासा, देखिए कैसे किया करती थी चोरी

    पाकुड़ में ‘भिखारिन गैंग’ का  खुलासा, देखिए कैसे किया करती थी चोरी

    PAKUR: पाकुड़ के नगर थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी के मामलों में बढ़ोतरी के कारण इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.  लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद अब लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाने लगे हैं. मंगलवार को शहर के बैंक कॉलोनी इलाके में चोरी की कोशिश कर रही दो महिलाओं को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया.

    जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह दो महिलाएं भीख मांगने के बहाने बैंक कॉलोनी स्थित कंचन कुमारी के घर पहुंचीं. मौका मिलते ही दोनों घर के अंदर घुस गईं और पर्स में रखे करीब 7 हजार रुपये लेकर निकलने लगीं. कुछ देर बाद जब घर की मालकिन कमरे से बाहर आईं तो उन्होंने अपना पर्स नीचे गिरा हुआ देखा और उन्हें चोरी का शक हुआ. इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए.

    स्थानीय लोगों ने तुरंत पीछा कर एक महिला और उसके साथ मौजूद एक युवती को पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उनके बैग से चोरी किए गए रुपये भी बरामद कर लिए गए. घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में ले लिया.

    मामले को लेकर पुलिस पदाधिकारी चुंडा हांसदा ने बताया कि चोरी की घटना में शामिल एक महिला और एक युवती को हिरासत में लिया गया है. दोनों से थाने में पूछताछ की जाएगी और लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

    इधर स्थानीय लोगों का कहना है कि महिलाओं का एक संगठित गिरोह शहर के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय है. यह गिरोह भीख मांगने या दूसरे बहाने से घरों में प्रवेश करता है और मौका मिलते ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है. नगर थाना क्षेत्र के बलियाडांगा, नामूपाड़ा और पुलिस केंद्र के आसपास के इलाकों में भी हाल के दिनों में कई चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं.

    लगातार हो रही वारदातों से नाराज लोगों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि नियमित निगरानी और गश्त नहीं होने के कारण चोरों का मनोबल बढ़ गया है. इसी वजह से अपराधी बिना किसी डर के चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं.

     



    Related News