छपरा (CHHAPRA): छपरा-सिवान राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-531 पर एक सड़क दुर्घटना कि खबर सामने आई है. बुधवार कि सुबह एक सड़क हादसे में एक युवक कि दर्दनाक मौत हो गई जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह दुर्घटना रसूलपुर थाना क्षेत्र के बंसी छपरा गांव के समीप घटित हुई. जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के देवरिया से बारात संपन्न कर लौट रही एक अनियंत्रित बोलेरो सड़क किनारे खड़ी ट्रक से पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और वाहन में सवार बारातियों के बीच चीख-पुकार मच गई.
बता दें, मृतक की पहचान दाउदपुर थाना क्षेत्र के दुमदुमा गांव निवासी 25 वर्षीय राहुल कुमार के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि हर्षपुरा गांव से मनीष शर्मा की बारात देवरिया गई थी और वापसी के दौरान यह हादसा हुआ. स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद वाहन के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला. हादसे में राहुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुकेश, छोटू, दीपू, सूरज और दिलीप सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दो को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है.
घटना की सूचना मिलने के बाद रसूलपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने क्षतिग्रस्त बोलेरो को अपने कब्जे में ले लिया है, हालांकि ट्रक चालक हादसे के तुरंत बाद वाहन लेकर फरार होने में सफल रहा. पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है और फरार ट्रक की तलाश की जा रही है. इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं. स्थानीय प्रशासन ने यातायात नियमों के प्रति सावधानी बरतने की अपील की है.

