मतगणना केंद्र के पास भीषण सड़क हादसा, इनोवा और ट्रक की टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी

    मतगणना केंद्र के पास भीषण सड़क हादसा, इनोवा और ट्रक की टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी

    रांची (RANCHI): झारखंड के 48 नगर निकायों में हुए चुनावों की मतगणना फिलहाल जारी है. राजधानी रांची में रिंग रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर को काउंटिंग सेंटर बनाया गया है, जहां सुबह से ही प्रशासनिक गतिविधियां तेज हैं. इसी बीच शुक्रवार सुबह मतगणना स्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक सड़क दुर्घटना ने कुछ देर के लिए हलचल बढ़ा दी.

    मिली जानकारी के मुताबिक मनातू क्षेत्र के पास एक इनोवा कार और तेज रफ्तार ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है.

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह लगभग 9:30 बजे ट्रक चालक ने आगे चल रही इनोवा को ओवरटेक करने का प्रयास किया. इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और दोनों के बीच भिड़ंत हो गई. दुर्घटना की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए.

    मतगणना केंद्र के नजदीक हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की.

    फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है. प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि दुर्घटना का मतगणना प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ा है और काउंटिंग पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुचारु रूप से जारी है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news