जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में चोरी की एक बड़ी वारदात हुई है. बिरसानगर थाना में चोरों ने एक घर को निशाना बनाया है. नकदी और गहनों पर चोरों ने हाथ साफ किया है. यह घटना बिरसानगर जोन नंबर तीन स्थित हरि मंदिर के पास रहने वाले सुरेश गोप के घर में हुई. चोरी की सूचना पर मंगलवार को पुलिस जांच के लिए मौके पर पहुंची. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा से चोरों की पहचान करने में जुटी है. इस संबंध में पीड़ित सुरेश गोपन थाना में केस दर्ज करवाया है. सुरेश गोप का कहना है कि उसके घर से 75 हजार नगद और करीब 2 लाख रुपए के गहनों की चोरी हुई है. घटना उस समय हुई जब घर के लोग रात में सो रहे थे.
स्प्रे मार चोरी की आशंका
सुरेश गोप ने स्प्रे मार चोरी करने की संभावना जताई है. उन्होंने कहा कि रात 10 बजे घर के सभी लोग सो गए थे. रात 1.30 पत्नी की अचानक नींद खुली तो उसने अलमीरा का ताला टूटा देखा. उसमें रखे गहनें और पैसे गायब थे. फिर उसने घर के सभी लोगों को जगाया. सुरेश गोप ने आशंका जताई है कि चोरों ने घर में घुसने के बाद किसी तरह का स्प्रे का इस्तेमाल किया, जिससे घर के लोग गहरी नींद में सोते रह गए. चोरों के आने की भनक भी नहीं लगी. इस तरह की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है.
भतीजी की शादी के लिए रखे थे गहनें-पैसे
सुरेश गोप ने बताया कि 3 मई को मेरे भतीजी की शादी है. भतीजी की शादी के लिए ही घर में पैसे और गहनें रखे थे. अब इनकी चोरी होने से परेशानी होगी. इधर, शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों को चिंता बढ़ा दी है. पुलिस इन घटनाओं पर रोक नहीं लगा पा रही है. कुछ दिनों पहले ही टेल्को के नीलडीह गोलचक्कर के पास एक घर में चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया था.


