धनबाद(DHANBAD) की लाइफ़ लाइन में शुमार बैंक मोड़ ओवरब्रिज की फिजिबिलिटी टेस्ट को लेकर बीते दिन की रात 12 बजे से बैंक मोड़ बिरसा चौक से श्रमिक चौक तक आवागमन पर पूरी तरह बंद हो गया है. बता दें कि 4 अक्टूबर सुबह 7 बजे तक इस मार्ग पर वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगा. बीते दिन की रात 12 बजे के बाद झरिया और केंदुआ की तरफ से आने वाले वाहन परिवर्तित मार्ग से चले. परिवर्तित मार्ग पर सुरक्षा और सुगमता को लेकर जिला प्रशासन के द्वारा कई कदम उठाए गए. बैंकमोड़ ब्रिज की फिजिबिलिटी चेक करने के लिए ओड़िसा और बाहर से तकनीकी टीम बुलाई गई है. जहां इंजीनियरों का दल ट्रकों में गिट्टी लोड कर उसकी क्षमता की जांच कर रहे हैं. साथ ही पुल के सभी पायेऔर अन्य मेटेरियल की जांच की जा रही है. एक अनुमान के मुताबिक इसकी मरम्मती पर 10 करोड़ की लागत आ सकती है. वैसे टेस्टिंग के बाद ही पता चलेगा की ब्रिज की लाइफ़ कितनी बची है.
धनबादवासियों के लिए काम की बड़ी खबर..
अगर बहुत जरूरी न हो तो बैंक मोड़ की तरफ आना जाना करने से परहेज करें, क्योंकि जगह जगह आवागमन में परेशानी होगी. धनबाद शहर के बीच से गुजरी हावड़ा-गया रेल लाइन को पार करने के लिए काफी समय जाया करना पड़ रहा है. बैंक मोड़ से श्रमिक चौक तक का फासला पहले जो 5 मिनट का था उसे पूरा करने में अब आधे घण्टे का समय लग रहा है. पहले दिन सिंगल रोड पर हैवी ट्रैफिक से जगह जगह जाम का सामना करना पड़ा. बरमसिया के रास्ते अपने गंतव्य को पहुंचना किसी यात्री के लिये युद्ध को जीतने जैसा है. हालांकि सभी चिन्हित स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात दिखे. बावजूद परेशानी कम नहीं हुई. रेलवे कॉलोनी और हीरापुर आते आते यात्री हांफते नजऱ आये. बैंक मोड़ से हावड़ा मोटर, मनईटांड,एफसीआई गोदाम, बरमसिया होते हुए हीरापुर रोड को वैकलिप्क मार्ग बनाया गया है. यह मार्ग काफी संकीर्ण और घुमावदार है. सामान्य दिनों में भी यहां जाम लगता है. जाम में फंसने पर परेशानी होनी तय है. ऐसे में धनबादवासियों के लिए घर में रहना ही सही होगा. रूट चार्ट के अनुसार यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने और विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए 7 प्रमुख स्थल पर दंडाधिकारी के साथ सशस्त्र बल भी मौजूद है.
24 पोस्टों पर 52 पुलिस पदाधिकारी, 104 सशस्त्र बलों और 7 प्रमुख स्थानों पर 18 मजिस्ट्रेट की तैनाती
रूट चार्ट के अनुसार यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने और विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए 24 पोस्टों पर 52 पुलिस पदाधिकारी,104 सशस्त्र बलों और 7 प्रमुख स्थानों पर 18 मजिस्ट्रेट तैनाती की गई है. सशस्त्र बलों की 24 घंटे और मजिस्ट्रेट सुबह 6 से रात 10 बजे तक यातायात व्यवस्था की निगरानी करेंगे. बीते दिन ही हीरापुर में जिला प्रशासन के द्वारा सड़क के किनारे से अतिक्रमण हटाया गया. गड्ढों की भराई भी कराई गई.
रिपोर्ट:अभिषेक कुमार,ब्यूरों चीफ,धनबाद


.png&w=1536&q=85)