धनबाद(DHANBAD): पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए पिछले दिनों बरवाअड्डा थाना के बगल में कृषि बाजार समिति के दुकान में हुए चोरी की घटना में शामिल चोरों को पकड़ लिया है. बीते दिन कृषि बाजार समिति स्थित जितेंद्र अग्रवाल व सुरेंद्र जिंदल के गोदाम से 346 टीन सरसो तेल की चोरी हो गई थी, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये है. चोरों को यह चोरी करना काफी मंहगा पड़ा. व्यपारियो के अथक प्रयास एवं पुलिस की सक्रियता से सामान के साथ 3 चोर पकड़ लिए गए हैं. बरवाअड्डा पुलिस इस संबंध में कई क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है ताकि बाकी बचे सामानों को भी बरामद किया जा सके.
व्यापारियों ने पुलिस के साथ मिलकर चोरों को पकड़ा
व्यवसायी जितेंद्र अग्रवाल ने बताया कि बुधवार देर रात गोदाम के शटर का ताला तोड़कर 346 टीन सरसो व रिफाईन तेल चोरों ने चोरी कर ली थी. अगली सुबह जब वे दुकान आए तो देखा कि गोदाम के शटर का ताला टूटा हुआ है और गोदाम से सरसों और रिफाइन तेल के बहुत से टीनें गायब हैं. इसक बाद सभी व्यपारियों ने खोजबीन शुरू की. खोजबीन के दौरान चोरों ने चोरी किए गए तेल को बेचने के उद्देश्य से किसी अन्य व्यापारी से सम्पर्क किया. इसके बाद सभी व्यापारियों ने पुलिस के साथ मिलकर चोरों को धर दबोचा. मीडिया से बात करते हुए डीएसपी अमर कुमार पाण्डेय ने बताया कि तीन अपराधियों को पकड़ा लिया गया है. अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. उन्होंने व्यवसायियों से अपने प्रतिष्ठान में सीसीटीवी कैमरा लगाने की अपील की.
रिपोर्ट: अभिषेक कुमार, ब्युरो चीफ (धनबाद )

