गिरप्तारी के बाद भी पुलिस पर भरोसा नहीं कर रहे डॉक्टर, 9 मई से हड़ताल की तैयारी में आईएमए


धनबाद(DHANBAD): रंगदारी ने धनबाद को तबाह कर दिया है. डॉक्टर भयभीत, व्यवसायी डरे हुए, आमजन सहमे हुए हैं. हालांकि, आज एसएसपी संजीव कुमार ने दावा किया कि डॉक्टर समीर कुमार को धमकी देने वाले गैंग के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे अब धमकी का सिलसिला नहीं चलेगा. उन्होंने प्रेस के सामने डॉक्टर समीर कुमार से भी बात की. इधर, पुलिस के कहने पर डॉक्टर समीर कुमार का सुयश क्लीनिक खुल तो गया है. लेकिन वहां वीरानी छाई हुई है. जो मरीज भर्ती थे, उन्हें एक-एक कर डिस्चार्ज किया जा रहा है और नए मरीजों की भर्ती नहीं ली जा रही है.
पुलिस के आश्वासन पर किसी को भरोसा नहीं
पुलिस ने सुरक्षा का भरोसा तो दिया है लेकिन इस पर किसी को विश्वास नहीं हो रहा है. क्लीनिक के कर्मचारी ने कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से साफ मना कर दिया. उन्होंने कहा कि इस माहौल में उन्हें बोलने में डर लगता है. वहीं, दूसरी ओर सदर अस्पताल के नोडल पदाधिकारी डॉ राजकुमार ने कहा कि माहौल डर का तो बन ही गया है. डॉक्टर लोग 6 से 7 बजे तक अपना काम निपटा कर सीधे घर चले जा रहे हैं. फिर उसके बाद मरीजों को देखने से परहेज करते है. उन्होंने यह भी स्पष्ट कहा कि डॉक्टर के यहां शादी-विवाह की बात उन्हें समझ में नहीं आ रही है क्योंकि अगर कोई कार्यक्रम होता तो वह भी निमंत्रित किए गए होते. वैसे कहा जाए तो आइएमए ने इस मामले में कड़ा रुख अख्तियार किया हुआ है और 9 मई से हड़ताल करने की घोषणा की है. आईएमए की लगातार बैठके हो रही हैं, अब देखना है कि चार की गिरफ्तारी के बाद क्या यह सिलसिला थम जाता है या फिर पुलिस का आश्वासन केवल आश्वासन ही साबित होता है.
रिपोर्ट: शाम्भवी के साथ प्रकाश
4+