बाइक सवार तीन अपराधी चलती गाड़ी में चढ़ कर किया ड्राइवर को अगवा, साहस से ऐसे बची जान....


जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) : जमशेदपुर में ट्रेलर लूट और उसके चालक को अगवा करने का मामला प्रकाश में आया है. घटना शुक्रवार देर रात की है. बाइक सवार तीन अपराधियों ने ट्रेलर चालक विजय पासवान को जुगसलाई घोड़ा चौक के पास से अगवा किया और ट्रेलर लूट ली. बाइक सवार एक अपराधी ट्रेलर लेकर भागने लगा तो दो अपराधी चालक को अगवा कर ले जाने लगे. बागबेड़ा में पुलिस पेट्रोलिंग को देख ट्रेलर चालक ने शोर मचाया तो अपराधी बाइक और चालक को वहीं पर छोड़ भाग निकले. ट्रेलर को भी पुलिस ने हाता से बरामद कर लिया. ट्रेलर चालक ने इस मामले को लेकर जुगसलाई थाना में केस दर्ज करवाया है. चालक के अनुसार ट्रेलर में 20 लाख का माल था. ट्रेलर मालिक सुनील तिवारी भी थाना पहुच गए थे.
चलती ट्रेलर पर चढ़े अपराधी
ट्रेलर चालक ने बताया कि वह चाईबासा से ट्रेलर पर छड़ लाद बालिगुमा जा रहा था. वहां से उसे हैदराबाद निकलना था. रात करीब 1:15 बजे बाइक पर सवार तीन लोग ट्रेलर का पीछा करने लगे. जुगसलाई के घोड़ाचौक के पास चलती ट्रेलर पर एक अपराधी चढ़ गया. उसके साथ मारपीट की और उसे जबरन ट्रेलर से नीचे उतार दिया. दो युवक बाइक पर जबरन उसे बैठा ले जाने लगे. जबकि एक युवक ट्रेलर लेकर भाग गया. बागबेड़ा में पुलिस को देखते ही शोर मचाया. बाद में दोनों अपराधी उसे छोड़ भाग गए.
रिपोर्ट : रंजीत ओझा (जमशेदपुर)
4+