धनबाद में फिर धंसी चाल , 6 घायल, कोयला तस्करों की बल्ले-बल्ले

    धनबाद में फिर धंसी चाल , 6 घायल, कोयला तस्करों की बल्ले-बल्ले

    धनबाद (DHANBAD) : धनबाद में जहां अपराधियों की मनमर्जी चल रही है, वहीं कोयला तस्करों की बल्ले-बल्ले है.  धनबाद जिला एवं पुलिस प्रशासन जितनी छापेमारी कर रहे हैं, उससे अधिक तेजी से अवैध कोयला खनन के मुहाने खुल रहे हैं.  इस काम में 'चींटी माटा'  की तरह लोग लगे हुए हैं.  लोगों की जाने जा रही हैं और सफेदपोश मालामाल हो रहे हैं. यहां मिली सूचना पर भरोसा करें तो बीसीसीएल के बरोरा  एरिया के बंद पड़े डेको  आउटसोर्सिंग में आज सुबह अवैध उत्खनन के क्रम में अचानक चाल धंसने  से 6 के घायल होने की सूचना से कुछ देर के लिए इलाके में भगदड़ मच गई.  

    महिला की हालत गंभीर, परिजन चुप !

    पता चलता है कि बाघमारा के डुमरा गांव की एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिसे बेहतर इलाज के लिए कहीं अस्पताल में भर्ती कराया गया है.  आज की घटना की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, न किसी घायल के परिजन कुछ कहने के लिए सामने आए हैं.  बता दें कि कोयलांचल में अवैध उत्खनन एक कुटीर उद्योग का रूप ले लिया है और छोटी -मोटी घटनाएं लगातार हो रही है.  बड़ी घटनाएं जब होती है तब ही प्रशासन जागता है और जांच आदि की बातें होती है.  

    काले धंधे की तगड़ी ताकत

    इधर , बीसीसीएल प्रबंधन ने भी सीआईएसएफ को सक्रिय किया है और कोयला चोरी रोकने का टास्क दिया  है. लेकिन कोयला चोरों की 'व्यवस्था' के आगे सारे इंतजाम फ़ैल  दिख रहे हैं.  कोयला चोरी के काम में लगे 'धनपशुओं'  का मनोबल इस कदर बढ़ा हुआ है कि वह किसी को कुछ समझते ही नहीं है.  थाने में घुसकर पुलिस की पिटाई करते हैं . सुरक्षा गार्ड को पीटते हैं. वर्चस्व के लिए फायरिंग करते हैं.  कोयले के इस  काले धंधे से उनकी आर्थिक ताकत इतनी अधिक बढ़ गई है कि अब वह किसी से भी दो-दो हाथ करने की ताकत जुटा लिए हैं.  

    हाल की घटनाओं का जिक्र करें तो इसी साल फरवरी महीने में निरसा क्षेत्र के कापासारा ओ सी पी , गोपीनाथपुर ओसीपी और दहीबाड़ी में अवैध उत्खनन के दौरान चाल धंसी  थी, जिसमें प्रशासन ने 5 लोगों के मरने की पुष्टि की थी.  हालांकि चर्चा थी कि ज्यादा लोग मरे हैं.  महुदा थाना क्षेत्र में बीसीसीएल की बंद खदान  की लौहपिटी  में अवैध खनन के दौरान मलवा गिराने  से कम से कम 3 लोगों के हताहत होने की आशंका व्यक्त की गई थी.  बरोरा  थाना क्षेत्र के चिटा ही  बस्ती के निकट  हुई दुर्घटना में नानी और नातिन की मौत हो गई थी.  चिरकुंडा के डुमरीजोड़ में बड़ा धंसान  हुआ था, जिसका वजह अवैध उत्खनन बताया गया है. 

    रिपोर्ट : ओम प्रकाश ,धनबाद 

     



    Related News