सामाजिक न्याय पखवाड़ा : पलामू में सरकारी योजना के लाभार्थियों का हुआ सम्मेलन


पलामू (PALAMU) : भारतीय जनता पार्टी के द्वारा सामाजिक न्याय पखवाड़ा मनाया जा रहा है. इसी कड़ी में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों का सम्मेलन बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पलामू के द्वारा मेदिनीनगर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय भवन में आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी पलामू के जिला अध्यक्ष विजय नंद पाठक ने किया.
कार्यक्रम का संचालन रेडियो उद्घोषिका शालिनी श्रीवास्तव ने किया. मुख्य अतिथि के तौर पर पलामू सांसद विष्णु दयाल राम उपस्थित थे. मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना के दौरान 80 करोड़ लोगों को राशन देने का काम शुरू किया गया था. जो आज भी जारी है. इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम आदमी के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की है, जिनका फायदा लोगों तक पहुंचना चाहिए, इसके प्रयास किए जा रहे हैं.
गीता भवन में भी कार्यक्रम
आज भारतीय जनता पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा पलामू जिला अध्यक्ष विजय नंद पाठक की अध्यक्षता में स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके साथ ही शहीद की पत्नी को सम्मानित किया. स्थानीय गीता भवन मेदनीनगर के पास एकत्रित होने के बाद भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सर्वप्रथम भगत सिंह चौक पर शहीद भगत सिंह को माल्यार्पण किया. उसके बाद सुभाष चंद्र बोस चौक पर सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. फिर स्टेशन रोड अवस्थित बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके बाद मेदनीनगर सुदना में जम्मू में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवान शहीद जितेंद्र सिंह पत्नी को अंग वस्त्र और माला देकर सांसद विष्णु दयाल राम और भाजपा पलामू जिला अध्यक्ष विजय नंद पाठक ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सम्मानित किया.
रिपोर्ट : अमन प्रताप सिंह, पलामू
4+