बीएसएफ की धुन पर हर मन में लहराया तिरंगा, देश सेवा के लिए जवानों ने ली शपथ

    बीएसएफ की धुन पर हर मन में लहराया तिरंगा, देश सेवा के लिए जवानों ने ली शपथ

    हजारीबाग (HAZARIBAG) : हजारीबाग मेरू स्थित सीमा सुरक्षा बल के प्रशिक्षण केंद्र के रानी  झांसी परेड ग्राउंड में पारण परेड का आयोजन किया गया. इस मौके पर बीएसएफ के 368 नवआरक्षकों को संविधान की रक्षा, राष्ट्र की एकता, अखंडता व संप्रभुता बनाए रखने के लिए खुद को समर्पित करने की शपथ दिलाई गई. देश के असम, केरला, तेलांगना, जम्मू-कश्मीर से 368 नवआरक्षक 44 सप्ताह के कठिन बुनियादी प्रशिक्षण पूर्ण कर दीक्षांत परेड में शामिल हुए. बतौर मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेश बैस ने सलामी ली एवं परेड का निरीक्षण किया.

    हजारीबाग की पहचान है सीमा सुरक्षा बल प्रशिक्षण केंद्र

    हजारीबाग की पहचान सीमा सुरक्षा बल प्रशिक्षण केंद्र से पूरे देश में है. यहां विदेशों से भी आकर पुलिस पदाधिकारी एवं जवान ट्रेनिंग लेते हैं. आज शुक्रवार को 368 नवआरक्षक ट्रेनिंग पूरा कर दीक्षांत परेड में शामिल हुए. अब ये जवान देश सुरक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे. भव्य पारंपरिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ बीएसएफ के बैंड की धुन ने पूरा माहौल देश भक्ति कर दिया. भारत माता के जयकारे के साथ नवआरक्षकों ने देश की अखंडता एकता के लिए तिरंगे झंडे के नीचे शपथ लिया.

    जवानों ने दिखाए शानदार ड्रिल

    इस दौरान नवआरक्षकों ने शानदार ड्रिल और मार्च पास्ट कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. राज्यपाल रमेश बैस ने ओवरऑल बेस्ट परफारमेंस समेत विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नवआरक्षकों को पुरस्कार प्रदान कर उनका मनोबल बढाया. महानिरीक्षक ने अपने संबोधन में नवआरक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि आज के इस दीक्षांत परेड के बाद वे औपचारिक तौर पर, सीमा सुरक्षा बल जो कि भारत की प्रथम रक्षा पंक्ति हैं, के महत्वपूर्ण सदस्य बन गये हैं और बल में, कर्तव्य निर्वहन के लिए प्रथम कदम रखने जा रहे हैं. उन्होने नवआरक्षकों के माता-पिता एवं परिजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि आपने अपने सपूतों को, सीमा सुरक्षा बल में भेजकर देश सेवा के कार्य में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है.

    भारत जमीन का टुकड़ा नहीं है : राज्यपाल

    राज्यपाल रमेश बैस ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि आपको आज से महत्वपूर्ण जिम्मेवारी दी जा रही है. आपके जिम्मे देश की सुरक्षा की बागडोर है. आपसे हमलोगों को काफी उम्मीद है. राज्यपाल रमेश बैस ने जोर देते हुए कहा कि भारत जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि जीती जागती हमारी भारत मां है. 1971 के युद्ध में आपकी शौर्य को दुनिया ने माना है. जीवन जीने की प्रेरणा सेना से लेनी चाहिए.

    जवानों के करतब से हुए दर्शक हैरान

    इस दौरान BSF के जवानों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया. खुखरी डांस ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. वहीं जब डेयर डेविल्स की टीम विभिन्न करतब करते हुए मैदान में उतरी तो दर्शक दीर्घा में बैठा हर एक आम से खास व्यक्ति भारत माता की जय और इनके करतब को सलाम करता नजर आया. डेयर डेविल्स ने इस दौरान कई स्टंट भी किए जिसने लोगों को हैरानी में डाल दिया.

    बहरहाल, आने वाले दिनों में यह नवआरक्षक देश के कोने-कोने में जाकर अपनी सेवा देंगे. इनकी ही सेवा से देश महफूज रहेगा. लिहाजा ऐसे अवसर पर द न्यूज पोस्ट परिवार भी इन्हें शुभकामना देता है.

    रिपोर्ट : राकेश कुमार, हजारीबाग

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news