नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से पांच लाख की ठगी, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार


देवघर(DEOGHAR): देश में बेरोजगारी का हाल किसी से छिपा नहीं है. दिन-प्रतिदिन देश में बेरोजगारों की संख्या बढ़ती ही जा रही है. बेरोजगार युवा नौकरी की तलाश में ठगी का शिकार हो रहे हैं. आधी-अधूरी जानकारी की वजह से युवा घर की सारी पूंजी केवल नौकरी पाने की चाहत में गंवा दे रहे हैं. वहीं ठगी करने वाले लोग भी इस मौके से नहीं चूकते हैं. पहले नौकरी का झांसा देते हैं. फिर युवाओं से मोटी रकम ऐंठ लेते हैं.
ऐसे ही एक मामले में जसीडीह पुलिस ने गुरुवार को नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठगी करने के आरोप में नगर थाना क्षेत्र के एक मॉल से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. जानकारी के अनुसार, जसीडीह थाना क्षेत्र के पुनासी अंतर्गत पडरिया गांव निवासी मनोज कुमार यादव ने जसीडीह थाने मे 20 मार्च 2021 को मधुपुर थाना क्षेत्र के टीटंहिया बाकं निवासी बिनोद यादव के विरुद्ध मामला दर्ज कराया था कि विधानसभा में नौकरी दिलाने के नाम पर उसने करीब पांच लाख रुपए ठग लिए. कई दिनों तक जब नौकरी नहीं मिली तो युवकों ने विभाग में संपर्क किया. उन्हें जब सच का पता चला, तब थाने में मामला दर्ज कराया था. तभी से आरोपी पुलिस की पकड़ से फरार चल रहा था. गुरूवार को गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को जसीडीह थाने के सब इंस्पेक्टर विकास कुमार ने देवघर के एक मॉल से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा दिया है.
रिपोर्ट: अरविन्द अग्रवाल, जसीडीह(देवघर)
4+