200 करोड़ के जमीन घोटाले में रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जमशेदपुर से तीन गिरफ्तार

    200 करोड़ के जमीन घोटाले में रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जमशेदपुर से तीन गिरफ्तार

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): झारखंड के बहुचर्चित 200 करोड़ रुपये के जमीन घोटाले में रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. जमशेदपुर से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. शहर के बिस्टुपुर थाना क्षेत्र से रांची पुलिस ने जमशेदपुर पुलिस के सहयोग से देर रात यह कार्रवाई की. गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश अग्रवाल, आयन सरकार और निलय सिंह गुप्ता शामिल है. रांची सिटी एसपी के अलावा जमशेदपुर के सिटी एसपी ने भी तीनों से देर रात तक पूछताछ की. जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आई है. सूत्रों की मानें तो दिनेश अग्रवाल को पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का करीबी माना जाता है, जबकि आयन सरकार झारखंड के परिवहन मंत्री दीपक बीरुआ के नजदीकी बताए जाते हैं. वहीं निलय सिंह गुप्ता का नाम पूर्व मुख्य सचिव विनय चौबे के करीबी के तौर पर सामने आया है. पुलिस इन तीनों के नेटवर्क और जमीन से जुड़े लेन-देन की कड़ियों को खंगाल रही है.

    नगदी भी बरामद होने की सूचना

    पुलिस सूत्रों के अनुसारआयन सरकार के ठिकानों से भारी मात्रा में नकदी भी बरामद हुई है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. आयन सरकार पहले भी ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई का सामना कर चुका है और जेल भी जा चुका है. जेल से बाहर आने के बाद उसकी राजनीतिक पहुंच और मजबूत हो गई थी. वहीं दिनेश अग्रवाल से स्वास्थ्य विभाग से जुड़े मामलों में भी पूछताछ की जा रही है. निलय सिंह गुप्ता के बारे में कहा जा रहा है कि मंत्रालय में ट्रांसफर-पोस्टिंग के मामलों में उनकी पकड़ काफी मजबूत थी और बिना उनकी सहमति के कई फैसले संभव नहीं होते थे. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है. 

    कई बिल्डर भी रडार पर

    पुलिस की इस कार्रवाई से हड़कंप मचा है. जमशेदपुर के कई बिल्डर और भू-माफिया भी पुलिस के रडार पर हैं. फिलहाल गिरफ्तार तीनों आरोपियों को पूछताछ के लिए रांची ले जाने की तैयारी चल रही है. कहा जा रहा है कि पुलिस पिछले एक सप्ताह से इनकी तलाश कर रही थी.

    रिपोर्ट-रंजीत ओझा



    Related News