JAC 9th रिजल्ट हुआ जारी: 99% से ज्यादा बच्चे हुए पास, बोकारो रहा नंबर-1

    JAC 9th रिजल्ट हुआ जारी: 99% से ज्यादा बच्चे हुए पास, बोकारो रहा नंबर-1

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 9वीं का परिणाम आधिकारिक रूप से जारी कर दिया है. परिषद के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में रिजल्ट की घोषणा की. इस वर्ष राज्य का कुल पास प्रतिशत 99.177% दर्ज किया गया, जो शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.

    जिलावार प्रदर्शन की बात करें तो लगभग सभी जिलों ने 98% से अधिक परिणाम हासिल किया है, लेकिन बोकारो जिले ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया. इसके बाद हजारीबाग और कोडरमा का स्थान रहा, जहां पास प्रतिशत में बेहद मामूली अंतर देखने को मिला. धनबाद और गुमला भी टॉप पांच जिलों में शामिल रहे, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन किया.

    इस बार भी बेटियों ने बाजी मारते हुए अपनी श्रेष्ठता साबित की. छात्राओं का पास प्रतिशत 99.222% रहा, जबकि छात्रों का 99.126% दर्ज किया गया. यह अंतर भले ही छोटा हो, लेकिन लगातार बेहतर प्रदर्शन यह दिखाता है कि बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं.

    राजधानी रांची का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा, जहां 32 हजार से अधिक छात्रों में से अधिकांश ने सफलता हासिल की. वहीं पूर्वी सिंहभूम और गिरिडीह जैसे जिलों ने भी उत्कृष्ट परिणाम देकर अपनी मजबूत शैक्षणिक स्थिति को बरकरार रखा. गिरिडीह में सबसे अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए और वहां भी सफलता दर काफी ऊंची रही.

    हालांकि सिमडेगा और साहिबगंज का पास प्रतिशत अन्य जिलों की तुलना में थोड़ा कम रहा, लेकिन यहां भी 98% से अधिक छात्र सफल हुए, जो एक सकारात्मक संकेत है. कुल मिलाकर, इस वर्ष का परिणाम झारखंड में शिक्षा के बढ़ते स्तर और छात्रों की मेहनत को दर्शाता है.



    Related News