स्कूल फीस बनी पढ़ाई में रुकावट तो बोकारो की प्रिया ने लगाई CM से लगाई गुहार

    स्कूल फीस बनी पढ़ाई में रुकावट तो बोकारो की प्रिया ने लगाई CM से लगाई गुहार

     बोकारो(BOKARO): आर्थिक तंगी के कारण एक होनहार छात्रा की पढ़ाई बीच में रुक गई है, जिसके बाद उसने सोशल मीडिया के जरिए जिला प्रशासन और राज्य सरकार से मदद की अपील की है. बोकारो की रहने वाली 8वीं कक्षा की छात्रा प्रिया कुमारी ने भावुक होकर अपनी समस्या साझा करते हुए पढ़ाई जारी रखने की गुहार लगाई है.

    प्रिया ने बताया कि वह नर्सरी से लेकर अब तक संत रविदास पब्लिक स्कूल में पढ़ रही थी, लेकिन पिता के गंभीर रूप से घायल होने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई. घर की आमदनी ठप हो गई, जिससे स्कूल की फीस जमा नहीं हो सकी. इसी कारण स्कूल प्रबंधन ने उसे 8वीं की परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी और बाद में उसका नाम भी काट दिया.

    छात्रा का आरोप है कि उसने स्कूल प्रबंधन से आधी फीस जमा करने का प्रस्ताव भी रखा, लेकिन इसके बावजूद उसे 9वीं कक्षा में दाखिला देने से मना कर दिया गया. स्कूल की प्रिंसिपल ने साफ तौर पर कहा कि फीस जमा नहीं होने के कारण उसे आगे पढ़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती.

    हताश प्रिया ने बोकारो के उपायुक्त और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील करते हुए कहा कि उसे पढ़ने का मौका दिया जाए उसने कहा कि वह मेहनत कर आगे बढ़ना चाहती है, लेकिन आर्थिक तंगी उसके सपनों के रास्ते में बाधा बन रही है. अब देखना होगा कि प्रशासन उसकी इस पुकार पर क्या कदम उठाता है.

     



    Related News