चाईबासा के टोंटोगड़ा गांव में मिला आईईडी, सीआरपीएफ ने किया निष्क्रिय


चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र के टोंटोगड़ा गांव के समीप मुख्य सड़क किनारे आज दोपहर लगभग 12:00 बजे संदिग्ध वस्तु मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार सर्च अभियान के दौरान सीआरपीएफ की टीम को सेडल से मनोहरपुर जाने वाली सड़क पर टोंटोगड़ा गांव के पास लोहे के पाइप में रखा आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) मिला. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीआरपीएफ जवानों ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी.
आईईडी को किया गया निष्क्रिय
सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बम निरोधक प्रक्रिया अपनाई गई और सावधानीपूर्वक नियंत्रित विस्फोट कर आईईडी को निष्क्रिय कर दिया गया. घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है. इसके बाद सुरक्षा बलों ने आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया. अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
4+