जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां 47 वर्षीय महिला के साथ जंगल में दुष्कर्म किया गया. यह मामला चाकुलिया थाना अंतर्गत बड़ियागजाड़ गांव का है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुला हांसदा को गिरफ्तार कर लिया है और बुधवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला गांव के पास स्थित जंगल में मवेशी चराने गई थी. उसी दौरान आरोपी, जो कि उसी गांव का रहने वाला है, वहां पहुंचा. महिला को जंगल में अकेला पाकर उसने उसके साथ जबरदस्ती की. घटना के बाद महिला किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई.
परिजनों द्वारा गांव में इस मामले को लेकर बैठक भी बुलाई गई, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं निकल सका. इसके बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाते हुए थाना में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. साथ ही महिला का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है, ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि आरोपी और पीड़िता दोनों ही शादीशुदा हैं और एक ही गांव के निवासी हैं. इस घटना से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
रिपोर्ट : रोहित सिंह
Thenewspost - Jharkhand
4+


