जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जिले में एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, बताया जा रहा है कि युवक सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भुइयाडीह गोलचक्कर के पास ये घटना घटी है वही मृतक की पहचान मानगो के जवाहर नगर रोड नंबर 4 निवासी सुदीप रॉय के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि युवक सिदगोड़ा की ओर जा रहा था और इसी दौरान ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश में उसकी बाइक पीछे से ट्रेलर से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह बाइक समेत ट्रेलर के पिछले पहिये के नीचे आ गया, जिससे उसका सिर कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है. गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया और दोषी चालक की गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग करने लगे. सूचना मिलने पर सीतारामडेरा पुलिस और धालभूम एसडीओ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया. करीब आधे घंटे तक सड़क जाम रहने से वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस ने शव को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने ट्रेलर और बाइक को जब्त कर लिया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि भुइयाडीह मेन रोड पर अवैध पार्किंग के कारण हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है. सड़क किनारे बसों और भारी वाहनों की पार्किंग से रास्ता संकरा हो जाता है, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं. लोगों ने प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
रिपोर्ट- रोहित सिंह
Thenewspost - Jharkhand
4+


