सिमडेगा (SIMDEGA): जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोकबहार गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक 9वीं कक्षा के छात्र ने अपने जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
मृतक की पहचान पंकज साहू के रूप में हुई है, जो सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, सलडेगा का छात्र था. वह स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था. जानकारी के अनुसार, वह हॉस्टल से अपने घर लौटा था और काफी खुश नजर आ रहा था. उसने अपने दोस्तों को अगले दिन अपने जन्मदिन पर घर बुलाने की भी तैयारी कर ली थी.
लेकिन हालात ने ऐसा मोड़ लिया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. पंकज ने अपने घर में आत्महत्या कर ली. जब उसकी मां ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया, तो उन्हें शक हुआ. काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां पंकज को फांसी के फंदे से लटका देख परिजनों के होश उड़ गए.
आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


