गढ़वा (GARHWA): झारखंड के गढ़वा इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. दरअसल बेलहारा गांव स्थित विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी के पैतृक घर को चोरों ने निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था. सूने घर का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर पूरे घर को खंगाल डाला.
चोरों ने घर के कमरों में रखे सामान को बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे कीमती सामान की तलाश में हर कोने तक पहुंचे. सुबह जब ग्रामीणों की नजर घर के टूटे हुए ताले पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना विधायक को दी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई और गढ़वा सदर थाना की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई.
पुलिस अधिकारियों ने घर के अंदर बिखरे सामान का निरीक्षण किया और चोरी गए सामान का आकलन शुरू कर दिया है. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चोर कितनी संपत्ति लेकर फरार हुए हैं. मामले की पुष्टि करते हुए विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि बीती रात उनके पैतृक घर में चोरी की वारदात हुई है.
फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.
Thenewspost - Jharkhand
4+


