रांची (RANCHI): झारखंड की राजनीति में हमेशा चर्चा में रहने वाले मंत्री इरफान अंसारी के कार्यक्रम में अब गोली मारने तक की बात शुरू हो गई. हमेशा अपने बयानों के वजह से सुर्खियों में रहने वाले मंत्री जामताड़ा में कांग्रेस के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे. जहां से केंद्र सरकार को निशाना बनाया. लेकिन इस बीच मंच के सामने बैठे कार्यकर्ता ने उत्तेजित होकर भाजपा को गोली मारने की बात करने लगे. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है.
दरअसल बताया जा रहा है कि वीडियो जामताड़ा का है. यहां कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम रखा गया. कई कांग्रेसी नेता भी शामिल हुए. इस कार्यक्रम में जामताड़ा विधायक सह सूबे के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी भी पहुंचे. मंच पर जैसे ही वह पहुंचे अपने अंदाज में भाषण शुरू किया. शुरुआत से ही भाजपा और केंद्र सरकार को निशाने पर लिया. पेट्रोल डीजल से लेकर महंगाई तक कई सवाल पूछे. इसी बीच मंच के सामने से आवाज आती है. भाजपा को गोली मार देंगे.
जैसे ही कार्यक्रता ने यह बात बोली मंत्री ने हस्तक्षेप किया और फिर तुरंत उन्होंने कहा कि गोली मरने की बात नहीं करना है. भाजपा के लिए कांग्रेसी की आवाज गोली से ज्यादा खतरनाक है. उन्होंने कहा कि भाजपा देश को गर्त में डालने का काम कर रही है. लेकिन कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक जनता के मुद्दों को लेकर आवाज उठाते रहेंगे. इसके बाद मंत्री ने मंच से ही कार्यक्रता के इस बयान के लिए माफी मांगी है.

