जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जिल के सिड़गोडा पुलिस स्टेशन, क्षेत्र के धुनी रोड के पास टाटा स्टील से जुड़ी एक वेंडर कंपनी में कार्यरत कर्मचारी गोरचंद महतो ने अपने ही आवास में आत्मदाह कर लिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोरचंद महतो पिछले काफी समय से अपने भविष्य निधि (पीएफ) के भुगतान को लेकर परेशान चल रहे थे. कई बार प्रयास करने के बावजूद उन्हें उनकी जमा राशि नहीं मिल पा रही थी, जिससे वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे थे. लगातार बढ़ते आर्थिक दबाव और मानसिक तनाव ने उन्हें इस हद तक तोड़ दिया कि उन्होंने यह कठोर कदम उठा लिया.
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जांच के दौरान घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें पीएफ भुगतान में देरी और उससे उपजी मानसिक पीड़ा का उल्लेख किया गया है. पुलिस ने इस नोट को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों में रोष है. उनका कहना है कि वेंडर कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों के अधिकारों की अनदेखी की जाती है, जिससे वे आर्थिक और मानसिक रूप से कमजोर हो जाते हैं. ठेका कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग तेज हो गई है.
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यदि किसी प्रकार की लापरवाही या दबाव की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट : रंजीत ओझा
Thenewspost - Jharkhand
4+


