गांव-गांव में होगा अबुआ दवाखाना, मरीजों को मुफ्त मिलेगी दवा

    गांव-गांव में होगा अबुआ दवाखाना, मरीजों को मुफ्त मिलेगी दवा

    टीएनपी डेस्क(TNP DESK):क्या छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए सरकारी अस्पतालों में लंबी कतारें आपको परेशान करती हैं या फिर मजबूरी में महंगे प्राइवेट क्लिनिक का सहारा लेना पड़ता है  अगर हां, तो अब झारखंड सरकार की नई पहल आपके लिए राहत लेकर आई है. अबुआ दवाखाना योजना के जरिए लोगों को घर के पास ही सुलभ, सस्ता और त्वरित इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है.

    क्या है अबुआ दवाखाना

    अबुआ दवाखाना छोटे-छोटे शहरी और ग्रामीण इलाकों में स्थापित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं. यहां मरीजों को ओपीडी सेवाएं, सामान्य जांच, प्राथमिक उपचार और जरूरी दवाएं मुफ्त या बेहद कम कीमत पर दी जाती हैं. अबुआ का मतलब होता है अपना, यानी यह केंद्र आम जनता के लिए उनके अपने स्वास्थ्य केंद्र के रूप में तैयार किए गए हैं.

    आम सरकारी अस्पताल से कैसे अलग

    बड़े सरकारी अस्पतालों में जहां भीड़ और लंबा इंतजार आम बात है, वहीं अबुआ दवाखाना मोहल्ला स्तर पर बनाए गए हैं. इससे मरीजों को दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ती. यहां कम भीड़, तेज इलाज और तुरंत जांच की सुविधा मिलती है. साथ ही डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्यकर्मी नियमित रूप से उपलब्ध रहते हैं, जिससे इलाज में देरी नहीं होती.

    यहां मिलती हैं ये सुविधाएं

    अबुआ दवाखाना में कई जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं दी जाती हैं, जैसे

    • बुखार, सर्दी-खांसी, सिरदर्द जैसी सामान्य बीमारियों का इलाज
    • ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच
    • गर्भवती महिलाओं की प्राथमिक जांच
    • मुफ्त या किफायती दवाइयां
    • कुछ केंद्रों पर बेसिक लैब टेस्ट की सुविधा

    लोगों को क्या मिल रहा फायदा

    इस योजना का सबसे बड़ा लाभ यह है कि अब लोगों को छोटी-छोटी बीमारियों के लिए दूर अस्पताल नहीं जाना पड़ता. इससे समय और पैसे दोनों की बचत होती है. खासकर गरीब और मध्यम वर्ग के लिए यह योजना काफी मददगार साबित हो रही है. साथ ही, शुरुआती चरण में ही बीमारी की पहचान हो जाने से गंभीर समस्याओं से भी बचाव संभव हो रहा है.

    राज्य में तेजी से विस्तार

    झारखंड जैसे राज्य में, जहां कई इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित हैं, वहां अबुआ दवाखाना एक बड़ा बदलाव साबित हो रहा है. अब तक राज्य में लगभग 700 अबुआ दवाखाना खोले जा चुके हैं, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिल रही है. अबुआ दवाखाना सिर्फ एक हेल्थ सेंटर नहीं, बल्कि आम लोगों के लिए भरोसे और सुविधा का नया केंद्र बनता जा रहा है. यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को आसान, सस्ता और प्रभावी बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है, जिससे लाखों लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है.

     



    Related News