हजारीबाग (HAZARIBAGH): शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल त्रिमूर्ति चौक पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस लिखी एक वाहन ने सड़क किनारे दुकान लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले रेहड़ी और ठेला संचालकों को जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था. अचानक हुए इस हादसे में कई ठेले पलट गए और दुकानदारों का भारी नुकसान हो गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी की जान नहीं गई.
हादसे के बाद सड़क पर खाने-पीने का सामान, बर्तन और अन्य सामग्री बिखर गई. सबसे ज्यादा नुकसान ‘मेहता जी गुपचुप भंडार’ को हुआ, जहां पूरा ठेला पलटने से गुपचुप, चाट और अन्य खाद्य सामग्री सड़क पर फैलकर बर्बाद हो गई. वहीं आइसक्रीम और अन्य छोटे कारोबारियों का सामान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. जिन सामानों को बेचकर ये गरीब दुकानदार अपने परिवार का पेट पालते थे, वह कुछ ही सेकंड में सड़क पर बिखर गया.
घटना के बाद कई दुकानदार सदमे में दिखाई दिए. अपनी मेहनत की कमाई को यूं बर्बाद होते देख उनकी आंखों में आंसू थे. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे छोटे कारोबार करने वाले लोग दिन-रात मेहनत कर किसी तरह घर चलाते हैं, लेकिन इस तरह की लापरवाही उनके लिए बड़ा संकट बन जाती है. हादसे की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय नागरिकों में घटना को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली. लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए टक्कर मारने वाले पुलिस वाहन को कब्जे में लेकर स्थानीय थाने पहुंचाया गया. वहीं नुकसान झेल चुके दुकानदार भी न्याय की मांग को लेकर थाने पहुंचे.
पीड़ितों ने पुलिस अधिकारियों से दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि प्रशासन मदद नहीं करेगा तो दोबारा दुकान खड़ी करना उनके लिए बेहद मुश्किल हो जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. वहीं इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार ड्राइविंग को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

