पटना(PATNA):पटना हाई कोर्ट परिसर में उस समय हलचल मच गई, जब अचानक आतंकी हमले जैसी स्थिति बनाई गई.हालांकि, यह कोई असली घटना नहीं थी, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों द्वारा किया गया एक मॉक ड्रिल था.इसका उद्देश्य आपात स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी को जांचना था.जानकारी के अनुसार, एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) की टीम ने इस विशेष अभ्यास को अंजाम दिया.ड्रिल के दौरान एक काल्पनिक स्थिति बनाई गई, जिसमें दिखाया गया कि कुछ आतंकी एक बस को हाईजैक कर लेते है. इसके बाद सुरक्षा बल किस तरह रणनीति बनाकर ऑपरेशन चलाते है और लोगों को सुरक्षित निकालते हैं, इसका प्रदर्शन किया गया.
एटीएस के जवानों ने स्मोक बम और आधुनिक तकनीक का किया इस्तेमाल
इस दौरान एटीएस के जवानों ने स्मोक बम और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया. पूरी टीम ने तेजी, समझदारी और बेहतर तालमेल के साथ ऑपरेशन को पूरा किया.कुछ ही मिनटों में “आतंकियों” को काबू में कर लिया गया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.इस मॉक ड्रिल को देखने के लिए हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश समेत कई जज और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.अधिकारियों ने इस अभ्यास को सफल बताया और कहा कि इस तरह की ड्रिल से सुरक्षा एजेंसियों की तैयारी और मजबूत होती है.
किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सतर्कता
इस अभ्यास का मकसद किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सतर्कता, तालमेल और तेजी से कार्रवाई करने की क्षमता को बेहतर बनाना था, ताकि असली स्थिति में नुकसान को कम किया जा सके.

