मोतिहारी (MOTIHARI) : बिहार के मोतिहारी जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है. आदापुर प्रखंड स्थित यूएमएस उचीडीह स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें शिक्षक क्लासरूम में पढ़ाई कराने की बजाय चिकन पार्टी करते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है.
वायरल वीडियो में करीब 6 शिक्षक स्कूल के एक क्लासरूम में बेंच-डेस्क पर बैठकर चिकन बनाते और खाते दिखाई दे रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि जिस जगह बच्चों को शिक्षा दी जानी चाहिए उसी जगह शिक्षक मस्ती करते दिख रहे हैं.
शिक्षकों ने ही पार्टी के दौरान बनाया था वीडियो
बताया जा रहा है कि यह वीडियो खुद शिक्षकों ने ही पार्टी के दौरान बनाया था. वीडियो में वे आपस में मजाक करते और बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं. एक शिक्षक कहते हैं आपके बिना भी सब चल रहा है वहीं दूसरा व्यक्ति शराब की व्यवस्था को लेकर सवाल करता नजर आता है. जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है.
घटना ने शिक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े किए
इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अभिभावकों का कहना है कि वे अपने बच्चों को बेहतर भविष्य के लिए स्कूल भेजते हैं लेकिन वहां इस तरह की हरकतें बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उनका मानना है कि ऐसे शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो.
मामले में DEO राजन गिरी ने त्वरित कार्रवाई की
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) राजन गिरी ने त्वरित कार्रवाई की है. उन्होंने वीडियो में दिख रहे सभी शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और पूरे मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन किया है. डीईओ ने साफ कहा है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से यह उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा देखने को नहीं मिलेगी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा.

